आपका परिचय

शुक्रवार, 26 मई 2017

ब्लॉग का मुखप्रष्ठ

अविराम  ब्लॉग संकलन,  वर्ष  :  6,   अंक  :  05-06,  जनवरी-फ़रवरी  2017


प्रधान संपादिका : मध्यमा गुप्ता
संपादक :  डॉ. उमेश महादोषी (मोबाइल: 09458929004)
संपादन परामर्श :  डॉ. सुरेश सपन 
ई मेल :  aviramsahityaki@gmail.com 


शुल्क, प्रकाशन आदि संबंधी जानकारी इसी ब्लॉग के ‘अविराम का प्रकाशन’लेवल/खंड में दी गयी है।


छायाचित्र : डॉ. बलराम अग्रवाल 
   ।।सामग्री।।
कृपया सम्बंधित सामग्री के पृष्ठ पर जाने के लिए स्तम्भ के साथ कोष्ठक में दिए लिंक पर क्लिक करें।


सम्पादकीय पृष्ठ {सम्पादकीय पृष्ठ}:  नई पोस्ट नहीं।

अविराम विस्तारित : 

काव्य रचनाएँ {कविता अनवरत} :  इस अंक में रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’, डॉ. कपिलेश भोज,जितेन्द्र जौहर, डॉ. ज्योत्स्ना शर्मा, डॉ. गिरीश चन्द्र पाण्डेय ‘प्रतीक’ व हमीद कानपुरी की काव्य रचनाएँ।

लघुकथाएँ {कथा प्रवाह} : इस अंक में डॉ. बलराम अग्रवाल, डॉ. अशोक भाटिया, डॉ. सिमर सदोष व मार्टिन जॉन  की लघुकथाएँ।

कहानी {कथा कहानी} : इस अंक में सुशांत सुप्रिय की कहानी ‘हमला’ व छत्रसाल क्षितिज की ‘भूलना मत...’।

लघुकथा : अगली पीढ़ी  {लघुकथा : अगली पीढ़ी} : इस अंक में दीपक मशाल की लघुकथाओं पर उमेश महादोषी की प्रस्तुति ।

क्षणिकाएँ {क्षणिकाएँ} : अब से क्षणिकाओं एवं क्षणिका सम्बन्धी सामग्री के लिए ‘समकालीन क्षणिका’ ब्लॉग  जाने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें-

हाइकु व सम्बंधित विधाएँ {हाइकु व सम्बन्धित विधाएँ} :  इस अंक में प्रतापसिंह सोढ़ी व डॉ. सुषमा सिंह के हाइकु।

किताबें {किताबें} :  इस अंक में वाणी दवे के लघुकथा संग्रह  ‘अस्थायी चार दिवारी’  की प्रो. बी. एल. आच्छा द्वारा, कमल चोपड़ा के लघुकथा संग्रह ‘अनर्थ’ की राधेश्याम भारतीय द्वारा व  हरिशंकर शर्मा जी की पुस्तक ‘शहर की पगडंडियाँ’ की डॉ. उमेश महादोषी द्वारा समीक्षाएँ।

गतिविधियाँ {गतिविधियाँ} :  पिछले दिनों प्राप्त साहित्यिक गतिविधियों की सूचनाएं/समाचार।

अविराम विस्तारित

अविराम  ब्लॉग संकलन,  वर्ष  :  6,   अंक  :  05-06,  जनवरी-फ़रवरी  2017




।।कविता अनवरत।।


रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’



बंजारे हम
जनम-जनम के बंजारे हम
बस्ती बाँध न पाएगी।
अपना डेरा वहीं लगेगा
शाम जहाँ हो जाएगी।

जो भी हमको मिला राह में
बोल प्यार के बोल दिये।
कुछ भी नहीं छुपाया दिल में
दरवाजे सब खोल दिये।
निश्छल रहना बहते जाना
नदी जहाँ तक जाएगी।

ख्वाब नहीं महलों के देखे
चट्टानों पर सोए हम।
फिर क्यों कुछ कंकड़ पाने को
रो-रो नयन भिगोएँ हम।
मस्ती अपना हाथ पकड़ कर
मंज़िल तक ले जाएगी।

ओ चिरैया
छायाचित्र : डॉ. बलराम अग्रवाल 

ओ चिरैया!
कितनी गहरी 
हुई है तेरी प्यास!

जंगल जलकर
खाक हुए हैं
पर्वत-घाटी 
राख हुए हैं।
आँखों में 
हरदम चुभता है
धुआँ-धुआँ आकाश।

तपती 
लोहे-सी चट्टानें 
धूप चली 
धरती पिघलाने
सपनों में
बादल आ बरसे,
जागे, हुए उदास।

उड़ी है
निन्दा जैसी धूल,
चुभन-भरे
पग-पग हैं बबूल
यही चुभन
रचती है तेरी-
पीड़ा का इतिहास।

कुछ वीर छन्द...

एक तरफ़ हैं वीर बाँकुरे, मस्तक अर्पण को तैयार।
दूजी ओर डटे बातूनी, बातों की भाँजें तलवार।।

अगर देश की रक्षा करना, कर लो अब इनकी पहचान।
रेखाचित्र  : उमेश महादोषी 

खाते-हैं ये अन्न वतन का, और ज़ुबाँ पर पाकिस्तान।।

गद्दारों ने सदा दगा की, लूटा अपना हिन्दुस्तान।
बीज सदा नफ़रत के बोए, खोया भारत का सम्मान।।

सीमा पर गोलों की वर्षा,  प्राण लुटाते सच्चे लाल।
मस्ती करते कायर घर में, खूब उड़ाते हैं तर माल।।

भेजो इनको सीमाओं पर, समझेंगे अपनी औकात।
आ जाएगी अक्ल इन्हें फिर, खाएँगे जब जूते लात।।
  • जी-902,जे एम अरोमा, सेक्टर-75, नोएडा-201301, उ.प्र./मोबा. 09313727493

अविराम विस्तारित

अविराम  ब्लॉग संकलन,  वर्ष  :  6,   अंक  :  05-06,  जनवरी-फ़रवरी  2017



डॉ. कपिलेश भोज



तुम्हारा मिलना

तुम्हारा मुस्कुरा कर मिलना
जैसे
सहसा उमंगों का समंदर
लहरा कर
आ गया हो पास


और
तुम्हारा चंद कदम साथ चलना
जैसे
भीतर उमड़ पड़ा हो
ऊर्जा का ज्वार


फिर तुम्हारा बोलना
जैसे
रातरानी की गंध से
गमक उठा हो
ताज़ा हवा का
रेखाचित्र  : रमेश गौतम 

एक स्नेहिल झोंका...

तलाशकभी कौसानी
कभी सोमेश्वर
कभी अल्मोड़ा
कभी नैनीताल की
जानी-पहचानी सड़कों
और कभी
किसी निचाट दुपहरी में
अपने गाँव लखनाड़ी के
दरख़्तों के बीच गुजरती
ख़ामोश पगडंडी पर
चहलक़दमी करते हुए
किसे ढूँढ़ रहा हूँ मैं
और
बार-बार क्यों लौट आता हूँ
रीता का रीता


प्रकृति की मोहकता भी
क्यों नहीं दे पा रही
मुझे सुकून


आख़िर कब मिलेंगे मुझे
अपनत्व भरे हृदय
और/कब दिखेंगे
स्नेह से छलछलाते नयन...
और कब तक रहेगी जारी
यह तलाश...
  • सोमेश्वर, जिला अल्मोड़ा-263637 (उत्तराखण्ड)/मोबा. 08958983636

अविराम विस्तारित

अविराम  ब्लॉग संकलन,  वर्ष  :  6,   अंक  :  05-06,  जनवरी-फ़रवरी  2017




जितेन्द्र जौहर



मुक्तक

01.
किसी दरवेश के किरदार-सा जीवन जिया होता।
हृदय के सिंधु का अनमोल अमरित भी पिया होता।
नहीं होता तृषातुर मन, हिरन-सा रेत में व्याकुल
अगर अन्तःकरण का आपने मंथन किया होता।

02.
नहीं है आरजू कोई कि मुझको मालो-ज़र दे दे।
तू लम्बी ज़िन्दगी दे या कि मुझको मुख़्तसर दे दे।
मुझे जो भी दे, जैसा दे, सभी मंजूर है लेकिन
इनायत कर यही मुझ पर कि जीने का हुनर दे दे।

03.
मुकद्दर आज़माने से, किसी को कुछ नहीं मिलता।
रेखाचित्र : संदीप राशिनकर 

फ़क़त आँसू बहाने से, किसी को कुछ नहीं मिलता।
हरिक नेमत उसे मिलती, पसीना जो बहाता है
कि श्रम से जी चुराने से किसी को कुछ नहीं मिलता।

04.
जिधर देखो, उधर केवल, अँधेरा ही अँधेरा है।
निशा के जाल में उलझा हुआ, घायल सवेरा है।
बुरे हालात हैं ‘जौहर’, नगर से राजधानी तक
सियासत के दरख़्तों पर, उलूकों का बसेरा है।
  • आई आर- 13/6, रेणुसागर, सोनभद्र-231218, उ.प्र./मोबा. 09450320472

अविराम विस्तारित

अविराम  ब्लॉग संकलन,  वर्ष  :  6,   अंक  :  05-06,  जनवरी-फ़रवरी  2017




डॉ. ज्योत्स्ना शर्मा



सत्य छुपाया तम ने....
आज पुकारा है जननी ने, जाग ज़रा सोई सन्तान!
फ़र्ज़ निभाने की बेला है, बदनीयत ताके शैतान।।

बढ़े शहर की ओर, बोलते, फिरें घूमते रंगे सियार।
इनके दिल में खौफ जगा दे, तू भी भर ऐसी हुंकार।।

भाँति-भाँति के भ्रम फैलाते, कुछ अपने घर के ग़द्दार।
सबक़ सिखाना बहुत ज़रूरी, बनना दो-धारी तलवार।।

चन्दन वन को खूब मिले हैं, सत्य सदा सर्पों के हार।
लेकिन मानव के हित, रखना, उन्हें कुचलने का अधिकार।।
छायाचित्र : उमेश महादोषी 


जिनके पास दया ना ममता, जिन्हें प्रिय मारक हथियार।
सीख यही इतिहास सिखाता, करो तुरत उनका संहार।।

एक बार की भूल क्षमा हो, फिर कुटिलों पर कुटिल प्रहार।
सोलह बार छोड़िए, ज़िंदा, रहे न दुश्मन दूजी बार।।

मुझे सुहाए गले मात के, वीरा अरि मुण्डों की माल।
दिप-दिप दमके स्वर्ण शिखरिणी, फिर जननी का उन्नत भाल।।

सूरज चमका ज़ोर गगन में, दिशा-दिशा फैला उजियार।
सत्य छुपाया तम ने लेकिन, आकर रवि ने दिया उघार।।

  • टॉवर एच-604, प्रमुख हिल्स, छरवडा रोड, वापी , जिला वलसाड-396191(गुजरात)

अविराम विस्तारित

अविराम  ब्लॉग संकलन,  वर्ष  :  6,   अंक  :  05-06,  जनवरी-फ़रवरी  2017




डॉ. गिरीश चन्द्र पाण्डेय ‘प्रतीक’


मौसम की तरह

देखा 
मैं कहता था ना
तू भी एक दिन 
मौसम की तरह बदल जाएगा
कल तू बदला था
आज मौसम भी बदल गया
तूने तो मौसम को भी मात दे दी
मौक़ा ही नहीं दिया/इस गरीब को
मौसम की मार झेलने को
घिर आया है
बादल उमड़ घुमड़ कर
जैसे तेरी उलाहनाओं ने 
पहरा दिया था/मेरी नींद पर
सपने तो कांपने लगे थे
मौसम और तुम एक जैसे ही तो हो
है ना सही बात
मौन भी चीखता है
अरे!! तुम्हें जश्न के ढोल 
खूब सुनाई देते हैं
कभी मौन हो चुके
दर्द के क्रन्दन को सुनो
जो फाड़ देगा कान के पर्दे
दहला देगा दिल को
अरे चमचमाते जगमगाते चौराहों को
देख लेते हो 
कभी उन कोठरियों को भी/देख लो 
जिनके दिए बुझ चुके हैं
तुम्हारी पैदा की गयी काल्पनिक आँधियों से
बहुत पलट लिए हैं पन्ने
रच दिए हैं इतिहास
रेखाचित्र : स्व. पारस दासोत 
नाप लिए हैं भूगोल
जरा समाज शास्त्र को भी तो
देख लो
जिस अर्थ की बात करते हो
क्या वह सार्थक है
निरर्थक हो चुके
मौन की व्यथा को सुन लो 
जो चीख रहा है
डेंगू का मच्छर बनते
देर नहीं लगेगी
सुन लो!!!!!
कराह रही है आत्मा
इन फूलों, फूल मालाओं
गुलदस्तों 
और शब्दाडंबरो के बोझ तले
दबकर/पुकार रही है आत्मा
बचालो मुझे/इन दोगले चरित्रों से
आगे बढ़कर/उठ रही हैं 
अँगुलियाँ मेरे होने और न होने के
प्रश्नों पर
दुत्कार रही है आत्मा
स्वाभिमान के लुट जाने
और घड़ियाली आँसू बहाने पर
सुन लो ठहरकर
वो जाने वालो
मत कुचलो 
मत करो सुनी की अनसुनी
मत दबाओ आत्मा की आवाज को
मंच से नहीं बोलती आत्मा
बोलती है
महत्वाकांक्षाओं के बड़े बोल
आज अगर बिना सुने
बोलने गए तो समझ लेना
सुनने वाले बचेंगे नहीं
अब सब कुछ तेरे हाथ में है
  • ग्राम-बगोटी पो. बगोटी, लोहाघाट, चम्पावत, उ.खंड/मोबा. 09760235569

अविराम विस्तारित

अविराम  ब्लॉग संकलन,  वर्ष  :  6,   अंक  :  05-06,  जनवरी-फ़रवरी  2017



हमीद कानपुरी



ग़ज़ल

रोज़ोशब मत सता जिन्दगी।
अब न अहसां जता ज़िन्दगी।

लाज इसकी रखो हर तरह
रब ने की है अता ज़िन्दगी।

खेल तेरा बहुत हो चुका
कर न अब तू खता ज़िन्दगी।

कुछ समझ में नहीं आ रहा,
छायाचित्र : डॉ. बलराम अग्रवाल 
क्यों बताती धता ज़िन्दगी।

यार मेरा जहाँ आज दिन
ढूँढ़ ला वो पता ज़िन्दगी।

लक्ष्य को भेदकर के दिखा,
तीर मत कर खता ज़िन्दगी।

(रोज़ोशब-रातदिन)
  • अब्दुल हमीद इदरीसी, सदनशाह, सिविल लाइन्स, ललितपुर, उ.प्र./मोबा. 09795772415

अविराम विस्तारित

अविराम  ब्लॉग संकलन,  वर्ष  :  6,   अंक  :  05-06,  जनवरी-फ़रवरी  2017




।। कथा प्रवाह ।।



डॉ. बलराम अग्रवाल



घुन वाले खम्भे

‘‘हाँ, तो फिर?’’ आरोप सुनकर सफेदपोश ने तरेड़ के साथ पूछा।
‘‘यह अमानवीय कर्म है!’’ डराने वाले अन्दाज़ में वह दहाड़ा।
‘‘है, तो फिर?’’
‘‘इन गोरखधंधों के खि़लाफ़ राष्ट्रीय स्तर के पेपर्स और चैनल्स को सबूत दूँगा मैं। और...।’’
      ‘‘और?’’ लापरवाह तरीके से मुस्कुराते हुए सफेदपोश ने बीच में ही टोका।
      और...और...’’ जबर्दस्त तनाव के कारण उसका बदन काँप उठा। सफेदपोश की मुस्कान से हत्प्रभ वह तुरन्त सोच नहीं पाया कि ‘और’ के आगे क्या कहे।
      ‘‘तुझे जहाँ जो उखाड़ना है शौक़ से उखाड़...’’ इस बार सफेदपोश ने होठों से मुस्कराहट को हटाकर कहा, लेकिन मेरी तरफ से मानहानि के मुक़द्दमे के लिए तैयार होकर करना उखाड़ना। एक करोड़ का ठोकूँगा।’’
      ‘‘डरा रहे हैं?’’
      ‘‘डरा नहीं रहा, बता रहा हूँ।’’ उसके स्वर में आक्रामक तीखापन था, सबूतों को सँभालकर रखना; कोर्ट में काम आयेंगे।’’
      उसकी हेकड़ी देखकर वह दाँत किटकिटाकर रह गया। बड़ी मोटी खाल का आदमी है!... उसने सोचा.... बहुत ऊपर तक पहुँचाता लगता है पत्ती।
      उसे असंजस में देख, उँगलियों के बीच फँसी सिगरेट की राख को मेज पर रखी एस्ट्रे में झाड़ते हुए सफेदपोश व्यंग्य-भरे लहजे में बोला, अगर मैंने ‘घो...ऽ...र अपराध’ किया है...और तूने सारे सबू...ऽ...त भी जुटा रखे हैं, तो तू मेरे पास क्या करने आया है? सीधा चला क्यों नहीं गया ‘राष्ट्री...ऽ...य स्तर के’ पेपर्स और चेनल्स के पास?’’
      ‘‘सम्बन्धित पार्टी को चेताना होता है उसके खिलाफ कहीं जाने से पहले।’’ वह बोला, ‘‘एक मौका दिया जाता है सँभलने का।’’
      ‘‘सँभलने का मौका!!  क्यों?’’
      ‘‘तकाज़ा है इन्सानियत का! ...उसूल है धन्धे का !!’’ उसकी ढीठता से लगातार चौंकने के बावजूद वह रौब जमाता-सा चीखा, पत्रकार हूँ, कसाई नहीं कि बंदे को चीरने के पैसे तो घरवालों से वसूल कर लूँ और उसके भीतर का माल बाहर वालों को बेच डालूँ। और...और यह ‘तू-तड़ाक’ वाली भाषा! कोई तरीका भी होता है बात करने का या नहीं?’’
      ‘‘तू मेरे ही क्लीनिक में मुझे धमकाने आया है; और मैं तुझसे तमीज़ के साथ बात करूँ!!!’’ सफेदपोश बोला, चल छोड़, क्या लेगा... यह बता।’’
      ‘‘मैं दावत उड़ाने नहीं आया हूँ यहाँ।’’ उसने कड़ेपन से प्रतिवाद किया।
      ‘‘मान ली तेरी बात! चाहता क्या है?’’
      ‘‘इस प्रस्तावनुमा सवाल को सुनकर उसने बात को और-खींचना ठीक नहीं समझा। तुरन्त बोला, आप मित्रवत् सम्मान देंगे तो मैं सहर्ष आपके खि़लाफ़ संघर्ष के रास्ते से हट जाऊँगा।’’
         यह बात सुन सफेदपोश पुनः मुस्कुरा उठा। बोला, ‘‘जब चाहे तब, मित्रवत् बता जाना सम्मान की राशि।’’ फिर उसके चेहरे पर नज़रें गाड़ते हुए काइयाँ अन्दाज़ में पूछ बैठा, ‘‘अच्छा, एक बात बता... मेरे खिलाफ संघर्ष के रास्ते से हटने की बात छोड़; ‘इन्सानियत’ दिखाने वाली इस पत्रकारिता से हटने की कितनी क़ीमत लेगा?’’              
  • एम-70, उल्धनपुर, दिगम्बर जैन मन्दिर के पास, नवीन शाहदरा, दिल्ली-32/मोबा. 08826499115

अविराम विस्तारित

अविराम  ब्लॉग संकलन,  वर्ष  :  6,   अंक  :  05-06,  जनवरी-फ़रवरी  2017




डॉ. अशोक भाटिया





बाल मनोविज्ञान पर दो लघुकथाएँ

एक
      बेटी नाराज़ थी।
      पापा ने पूछा- क्यों नाराज हो?
      बेटी चुप।
      -केबल की तार काट दी, इसलिए?
      -हाँ।
      -स्कूल के टेस्ट हो जाएं, फिर लगा देंगे।
      -बेटी चुप।
      -कल तू सोने आई, तो मैं उठकर तेरे भाई के पास चला गया, इसलिए?
      -हाँ, आप उसे ज्यादा प्यार करते हो।
      -(हँसकर) ऐसा नहीं है। वो छोटा है न, इसलिए।
      -पर मैंने सोने से पहले आपको लातें जो मारनी थीं। उसके बिना मुझे नींद नहीं आती।
      सुनकर पापा के साथ बेटी भी हँसने लगी।
दो
      महिमा खेल रही थी। उसने एक खिलौना अपनी माँ की ओर बढ़ाते हुए कहा- ‘‘मम्मी, ये काक्का है, इस्को निन्नी करा दो!’’
      माँ खिलौने को गले से लगाकर थपकाने लगी।
      महिमा एक पल तो देखती रही। अचानक उसने खिलौने को खींच लिया।
      ‘‘यह गंदा है, हट!’’ कहते हुए उसने उसे ज़मीन पर पटक दिया और अपनी माँ की गोद में बैठ गई। 
  • 1882, सेक्टर-13, अरबन स्टेट, करनाल-132001, हरि./मोबा. 09416152100

अविराम विस्तारित

अविराम  ब्लॉग संकलन,  वर्ष  :  6,   अंक  :  05-06,  जनवरी-फ़रवरी  2017



डॉ. सिमर सदोष



आत्म-ग्लानि
      कभी-कभी मुझे लगता, वह आदमी दम्भी है शायद। वह बहुत कम किसी से बात करता। उसके घर में और कौन-कौन हैं, यह शायद ही कोई जानता हो। आस-पड़ोस में भी इस परिवार का कोई आना-जाना नहीं था। तथापि, वह मुझे बहुत अच्छा लगा था... बहुत भला आदमी। जब भी कभी आमना-सामना होता, मैं हाथ जोड़कर नमस्ते कह देता। वह भी बड़े सलीके से उत्तर देकर आगे बढ़ जाता।
      इस बीच कई दिन व्यतीत हो गये, उसे मैंने देखा नहीं था। चिन्ता का उपजना स्वाभाविक था। इधर-उधर गुजरते उसके दरवाजे़ की ओर ताक-झांक की... शायद कोई सुराख दिखे।
      अगले दिन साहस कर मैंने उसके घर का द्वार खटखटाया तो थोड़ी देर बाद उसने पहले थोड़ा-सा, फिर आधा द्वार खोल दिया- आइये... कहिये, कोई काम है क्या? उसने बड़े उदार लहज़े में पूछा था।
      मैंने देखा, उस आदमी के तन पर कुर्ता तो था, नीचे धोती नहीं थी। उसने इसी कारण शायद खड़े होते समय अपनी टांगों को भींच रखा था।
      कुर्ते के नीचे वाले हिस्से की उसकी नंगी टांगों की ओर अपनी नज़र को न जाने देने की मेरी भरसक कोशिशों को शायद उसने भांप लिया था। तत्काल अपने पीछे पड़ी कुर्सी को खींचकर उसने मेरी ओर खिसकते हुए पूछा- कोई जरूरी बात है क्या?
      -क्षमा कीजियेगा मुझे... ऐसा तो कुछ भी नहीं था लेकिन... वो आप कई दिनों से मिले नहीं थे न... आपको देखा भी नहीं था, इसलिये। हकलाते हुए-से मैंने अपनी बात पूर्ण की थी।
      -कोई बात नहीं। आपने ठीक किया, जो आ गये।...घर में कोई नहीं है, इसलिए चाय-वाय की बात...। उसने शायद जानबूझकर वाक्य अधूरा छोड़ दिया था।
      -चाय की कोई जरूरत नहीं। बस, आपके बारे में जानना ही था... आप ठीक से तो हैं न! मैंने उठने का उपक्रम करते हुए कहा था।
      -जा रहे हैं... थोड़ी देर ठहर जाते, तो शायद बच्चियाँ आ जातीं। उसने भी औपचारिकता निभानी चाही थी।
      -फिर कभी सही...। मैं चलने को हुआ था।
      -हाँ, आप शायद सोच रहे हों... ये मेरी नंगी टांगों को लेकर। असल में, मेरी दो बेटियाँ हैं। बीवी नहीं है। और भी कोई नहीं है घर में। दोनों बेटियों ने आज कहीं इंटरव्यू पर जाना था। उनके पास कोई ढंग का दुपट्टा नहीं था... सो, चार दिन पहले ही मैंने अपनी धोती उन्हें दे दी थी। कांट-छांट और रंग करके उन्होंने सूटों के साथ मिला लिया... शायद उनका काम बन जाए। मेरा क्या है, महीना खत्म होने को है। पेन्शन मिली, तो नई धोती ले लूंगा।
      उसकी बात जैसे मेरे सिर से होकर गुजर गई थी शायद... या फिर, मेरे भीतर कहीं जाकर चुभ गई थी। आत्म-ग्लानि का एक अजीब-सा मनों भारी बोझ अपने सिर पर लिये बाहर सड़क पर आकर मुझे महसूस हुआ था- मेरे अपने तन पर शायद कोई कपड़ा नहीं रहा था।

  • 186/डब्ल्यू.बी., बाज़ार शेखां, सफ़री मार्ग, जालन्धर शहर-144001(पंजाब)/मोबा. 09417756262

अविराम विस्तारित

अविराम  ब्लॉग संकलन,  वर्ष  :  6,   अंक  :  05-06,  जनवरी-फ़रवरी  2017




मार्टिन जॉन 




अंधेरों के खिलाफ़                        
       अंधेरों ने उसे बहुत सताया था।
       एक लंबी ऊम्र गुज़र गई अंधेरों से लड़ते-लड़ते। अंततः काफी ज़द्दो-ज़हद के बाद उसने अंधेरों पर फ़तह हासिल कर ली। अब उसके पास अंधेरों का सामना करने के लिए ज़रुरत भर रौशनी है। चूंकि वह अंधेरों के खिलाफ़ ज़ंग करने वालों के दर्द से वाकिफ़ था, इसलिए अपने हिस्से की थोड़ी सी रौशनी बांटने की चाहत उसके अन्दर जागी। अपनी चाहत को अमली जामा पहनाने के लिए उसने अपने मकान के मुख्य द्वार पर लगे बिजली का बल्व रात भर जलाए रखने लगा। इससे हुआ यह कि मुख्य गली का गहन अंधेरा मुँह छुपा कर भाग गया। नये बसे मोहल्ले के तमाम मकानात के बाहर की बत्तियां बुझा दी जाती थीं। अब उसके मकान का बल्व पूरी रात अंधेरों को खदेड़ता रहता। रात की पाली वाली ड्यूटी करने वाले मोहल्ले के रेलकर्मी और कोयलाकर्मी उसकी इस उदारता के लिए मन-ही-मन शुक्रिया अदा करते? लेकिन पत्नी उसकी इस दरियादिली पर तंज कसती, ‘‘...दुनिया जहान का अंधेरा दूर भगाने का ठेका ले रखे हैं क्या?...नापा शोरबा, नपी बोटी के मौजूदा वक़्त में ज़रा बिल के बारे में भी सोच लिया करो।’’ पत्नी के व्यंग्यवाण उसकी चाहत को ज़ख़्मी करने में नाकामयाब रहे।
      अंधेरे मुँह उठने की उसकी आदत है। सो, उस दिन भोर में उठकर उसने देखा, बत्ती बुझी हुई है। भोर के धुंधलके में उसे मेन गेट पर कांच के टुकड़े इधर-उधर बिखरे दिखे। उसका मन आहात हो गया। अंधेरा दूर भगाने की कोशिश और रौशनी बांटने की उसकी चाहत शायद किसी को रास नहीं आयी। वह कुछ बुझ सा गया। मुख्य गली में फिर से अंधेरों के वर्चस्व की कल्पना उसे बेचैन करने लगी...
      रात घिरने से पहले उसने एक फैसले के तहत खुद को बुझने से बचाए रखा...
      उस रात उसके मेन गेट पर नया बल्व जगमगा रहा था....

  • अपर बेनियासोल, पो. आद्रा, जि. पुरुलिया-723121, पश्चिम बंगाल/मोबा. 09800940477

अविराम विस्तारित

अविराम  ब्लॉग संकलन,  वर्ष  :  6,   अंक  :  05-06,  जनवरी-फ़रवरी  2017



।।हाइकु।।


प्रतापसिंह सोढ़ी



हाइकु

01.
ओस की बूँदें
सूरज निगलता
अजगर सा।

02.
दूध में पानी
या पानी में हो दूध
रंग समान।

03.
दीपक बुझा
रेखाचित्र : बी. मोहन नेगी 
अँधेरा गहराया
मन सुलगा।

04.
नभ के आँसू
धरा पर बिखरे
मोती से सजे।

05.
कोई फाइल
आगे बढ़ती नहीं
पहिए बिना।
  • 5, सुखशांति नगर, बिचौली-हप्सी रोड, इन्दौर (म0प्र0)/मोबा. 09039409969

अविराम विस्तारित

अविराम  ब्लॉग संकलन,  वर्ष  :  6,   अंक  :  05-06,  जनवरी-फ़रवरी  2017




डॉ. सुषमा सिंह


हाइकु

01. 
होली तो हो ली
चौराहे दंगा हुआ
चली है गोली।

02. 
बजे मृदंग
नाचते ताता थैया
बढ़े उमंग।

03. 
धूप बढ़ी है
पानी से खेली होली
रेखाचित्र : कमलेश चौरसिया 
भंग चढ़ी है।

04. 
मन बाँसुरी
थिरके अंग-अंग
बजे मृदंग।

05. 
प्रीति का छन्द
आस की राग पर
भरे उमंग।
  • 8/153/आई/1, न्यू लॉयर्स कॉलोनी, आगरा-282005,उ.प्र./मोबा. 09358195345

अविराम विस्तारित

अविराम  ब्लॉग संकलन,  वर्ष  :  6,   अंक  :  05-06,  जनवरी-फ़रवरी  2017



।। कथा कहानी ।। 


सुशांत सुप्रिय





हमला
       बाईसवीं सदी में एक दिन देश में ग़ज़ब हो गया। सुबह लोग सो कर उठे तो देखा कि चारों ओर तितलियाँ ही तितलियाँ हैं। गाँवों, क़स्बों, शहरों, महानगरों में जिधर देखो उधर तितलियाँ ही तितलियाँ थीं। घरों में तितलियाँ थीं। बाज़ारों में तितलियाँ थीं। खेतों में तितलियाँ थीं। आँगनों में तितलियाँ थीं। गलियों-मोहल्लों में, सड़कों-चौराहों पर करोड़ों-अरबों की संख्या में तितलियाँ ही तितलियाँ थीं। दफ़्तरों में तितलियाँ थीं। मंत्रालयों में तितलियाँ थीं। अदालतों में तितलियाँ थीं। अस्पतालों में तितलियाँ थीं। तितलियाँ इतनी तादाद में थीं कि लोग कम हो गए, तितलियाँ ज्यादा हो गईं। सामान्य जन-जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। लगता था जैसे तितलियों ने देश पर हमला बोल दिया हो।
      दिल्ली में संसद का सत्र चल रहा था। तितलियाँ भारी संख्या में लोकसभा और राज्यसभा में घुस आईं। दर्शक-दीर्घा में तितलियाँ ही तितलियाँ मँडराने लगीं, अध्यक्ष और सभापति के आसनों के चारों ओर तितलियाँ ही तितलियाँ फड़फड़ाने लगीं। आखिर दोनों सदनों की कार्रवाई दिन भर के लिए स्थगित करनी पड़ी। राज्यों में भी इसी कारण से विधानसभाओं और विधान-परिषदों की कार्रवाई दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। सुरक्षा एजेंसियाँ चौकन्नी हो गईं। कहीं यह किसी पड़ोसी देश की साज़िश तो नहीं? तितलियों की इस घुसपैठ के पीछे कहीं कोई विदेशी हाथ तो नहीं?
      पूरे देश में कोहराम मचा हुआ था। सड़कों पर यातायात ठप्प था। स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए थे। दफ़्तरों और मंत्रालयों में कोई काम-काज नहीं हो रहा था। अदालतों की कार्रवाई दिन भर के लिए स्थगित करनी पड़ी। अस्पतालों में कई मरीज़ों की मौत हो गई क्योंकि आपातकालीन सेवा-कक्षों में भारी संख्या में तितलियों की घुसपैठ की वजह से नर्सें और डॉक्टर मरीज़ों पर ध्यान नहीं दे सके। ऑपरेशन-थियेटर में तितलियाँ मौजूद थीं जिस के कारण सभी ऑपरेशन स्थगित करने पड़े।
      तितलियाँ इतनी भारी संख्या में चारो ओर मँडरा रही थीं कि उन्होंने सूरज की रोशनी को ढँक लिया। दोपहर में अँधेरा छा गया। रेडियो व टी. वी. का प्रसारण बाधित हो गया। टेलीफ़ोन सेवाएँ ठप्प हो गईं।
      सभी अवाक् थे। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि अचानक यह क्या हो गया है। सरकार सकते में थी। प्रशासन लाचार दिख रहा था।
      शुरू-शुरू में बच्चों के मज़े लग गए। वे तितलियों से खेलते हुए पाए गए। पर जब स्थिति की गम्भीरता का अहसास लोगों को हुआ तो सब के होश उड़ गए।
      ऐसा नहीं है कि लोगों ने इस समस्या से निपटने के लिए कुछ नहीं किया। बेगॉन-स्प्रे से ले कर सभी प्रकार के कीट-नाशकों का इस्तेमाल तितलियों की फ़ौज पर किया गया पर सब बेकार। तितलियों पर इनका कोई असर नहीं हुआ।
      पुलिस-वालों ने भी अपने तरीक़ों से स्थिति को नियंत्रण में करने की कोशिश की। देश में कई जगह पर पुलिस ने तितलियों पर आँसू-गैस के गोले छोड़े। कुछ जगहों पर बुद्धिमान सिपाहियों ने तितलियों पर लाठी-चार्ज किया। और कई जगहों पर तितलियों पर फ़ायरिंग भी की गई। पर कोई नतीजा नहीं निकला। तितलियों की तादाद इतनी ज्यादा थी कि गोलियाँ कम पड़ गईं।
      रेल, विमान तथा सड़क-यातायात पर तितलियों की मौजूदगी का बहुत बुरा असर पड़ा। जगह-जगह दुर्घटनाएँ हुईं जिनमें कई लोग मारे गए।
      आखि़र वैज्ञानिकों ने कुछ तितलियों को पकड़ कर ‘‘एलेक्ट्रोन माइक्रोस्कोप’’ के नीचे उनका निरीक्षण किया। उनके हैरानी की कोई सीमा नहीं रही जब उन्होंने पाया कि हर तितली के पंखों पर बारीक अक्षरों में कोई-न-कोई वादा या आश्वासन लिखा हुआ था। और तब जा कर यह गुत्थी सुलझी कि दरअसल ये तितलियाँ वे करोड़ों-अरबों वादे व आश्वासन थे जो देश की आज़ादी के बाद 1947 से अब तक नेताओं व अधिकारियों ने दिए थे पर जो पिछली दो शताब्दियों में पूरे नहीं किए गए थे। वे सभी झूठे वादे व आश्वासन तितलियाँ बन गए थे।
      यह ख़बर पूरे देश में आग की तरह फैली। लोग चर्चा करने लगे कि एक दिन तो यह होना ही था। झूठे वादों और कोरे आश्वासनों के पाप का घड़ा कभी-न-कभी तो भरना ही था।
      इतिहासकारों ने आनन-फ़ानन में एक आपात बैठक बुलाई जिसमें सरकार को याद दिलाया गया कि सैकड़ों वर्ष पहले विश्व का प्रथम गणतंत्र वैशाली भी इसी प्रकोप के कारण नष्ट हो गया था। जिस गणतंत्र में नेता और अधिकारी केवल झूठे वादे करते हैं और कोरे आश्वासन देते हैं उस गणतंत्र का वही हाल होता है जो वैशाली गणतंत्र का हुआ था। भविष्यवेत्ताओं ने भी इतिहासकारों की इस बात का समर्थन किया।
      यह सब सुनकर सरकार हरक़त में आ गई। एक सर्वदलीय बैठक बुलाई गई। बैठक में वैज्ञानिकों, इतिहासकारों और भविष्यवेत्ताओं की बात पर चर्चा हुई। पर एक तो कक्ष में चारो ओर तितलियाँ ही तितलियाँ मँडरा रही थीं, दूसरी ओर विपक्ष और सत्ताधारी पक्ष के सदस्यों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का ऐसा दौर चला कि बैठक का कोई नतीजा नहीं निकला। ऐसे संकट के समय में भी विभिन्न दलों के बीच यह साबित करने की होड़ लगी हुई थी कि किस पार्टी ने ज्यादा झूठे वादे किए थे, किसने कम।
      अधूरे वादों का आलम यह था कि परिवारों में पति-पत्नी ने एक-दूसरे से और माँ-बाप ने बच्चों से कई झूठे वादे किए हुए थे। वे सभी अधूरे वादे और आश्वासन असंख्य तितलियाँ बन कर घरों में चारो ओर मँडरा रहे थे और घरवालों को सता रहे थे।
      जो वादे 1960 के दशक से पहले किए गए थे वे ‘‘ब्लैक-ऐंड-व्हाइट’’ तितलियों के रूप में चारों ओर फड़फड़ा रहे थे। सिनेमा में रंगीन युग आने के बाद किए गए वादे ‘‘कलर्ड’’ तितलियों के रूप में चारों ओर मँडरा रहे थे।
      इसी तरह पूरा दिन निकल गया और इस समस्या का कोई समाधान नहीं निकला। पर रात के बारह बजते ही सभी तितलियों का कायांतरण हो गया और वे टिड्डियाँ बनकर लोगों पर हमले करने लगीं। उनके निशाने पर विशेष करके मंत्री, राजनेता और अधिकारी थे। वे घरों में घुस-घुस कर सोए हुए लोगों पर हमले करने लगीं। चारों ओर हाहाकार मच गया। स्थिति बद से बदतर होती चली गई।
       आखिर सुबह चार बजे कैबिनेट की एक आपातकालीन बैठक हुई। उसमें एक मंत्रियों के समूह का गठन किया गया। सरकार ने तय किया कि सभी अधूरे वादों और आश्वासनों को एक निश्चित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाएगा। और कोई चारा नहीं था। टिड्डियों का हमला जारी था।
       सुबह पाँच बजे से ही यह काम शुरू हो गया। यह बेहद कठिन काम था। अधूरे वादों और आश्वासनों की तादाद करोड़ों-अरबों में थी। इतनी ही संख्या में टिड्डियाँ मौजूद थीं। जैसे ही कोई अधूरा वादा या आश्वासन पूरा होता, एक टिड्डी ग़ायब हो जाती।
      पर करोड़ों-अरबों अधूरे वादों और आश्वासनों को पूरा करने में बरसों लग गए। तब जाकर देश से टिड्डियों का क़हर समाप्त हुआ और स्थिति सामान्य हो पाई।
      इस ख़बर का असर पूरी दुनिया में हुआ। बाईसवीं सदी का इतिहास गवाह है कि दूसरे देशों के राजनेताओं और अधिकारियों ने भी इस डर से अपने-अपने देशों के तमाम अधूरे वादे और आश्वासन पूरे कर दिए कि कहीं उनके देश में भी ये टिड्डियाँ हमला न कर दें।
  • आई-5001, गौड़ ग्रीन सिटी, वैभव खंड, इंदिरापुरम, ग़ाज़ियाबाद-201010(उ.प्र.)/मोबाइल : 08512070086

अविराम विस्तारित

अविराम  ब्लॉग संकलन,  वर्ष  :  6,   अंक  :  05-06,  जनवरी-फ़रवरी  2017




छत्रसाल क्षितिज

भूलना मत...
      सुबह कार्यालय पहुँचा तो एक पत्र था- 
मुख्य अभियंता (सड़क निर्माण) 
महोदय, 
      बाय पास का कार्य लगभग पूर्ण होने को है, बस एक विशालकाय पेड़ रास्ते से नहीं हट रहा है। कृपया निर्देश दें।
धन्यवाद! 
सहायक अभियंता/पानागर बाय पास परियोजना/एन.एच. 4 
      मैं कार्यालय से सीधा साइट पर पहुँचा। अभियंता ने पेड़ की तरफ इशारा किया और हम विशालकाय पेड़ के पास पहुँचे। मैंने पेड़ से कहा क्या तुम जीवन देने वाले ब्रह्मा हो, सड़क के बीच से हटो।
      एक शीतल वायु का झोंका आया लेकिन पेड़ ने कोई उत्तर नहीं दिया। मैंने पेड़ को कल तक का समय दिया और वापस कोलकाता कार्यालय आ गया। दूसरे दिन अभियंता का फोन आया कि पेड़ अभी नहीं हटा है।
      आज मौसम काफी खराब था। फरवरी-मार्च के दिन थे। अचानक तेज तूफानी वर्षा होने लगी। मैं फिर भी साइट पर गया, क्योंकि अगले महीने नेताजी सड़क का उद्घाटन करने वाले थे। देखा पेड़ के नीचे बहुत से राहगीर व पशु वर्षा से बचने के लिए बैठे थे। मैंने पेड़ से कहा क्या तुम कृष्ण के गोवर्धन पर्वत हो, सड़क से हटते क्यांे नहीं? 
      अचानक पेड़ पर हजारों पक्षियों का कलरव होने लगा। पेड़ चुप। मैंने पेड़ को कल फिर आने की धमकी दी और वापस कोलकाता आ गया। 
      अभियंता का फोन फिर आया, मैं समझ गया अड़ियल पेड़ अभी वहीं है और साइट की ओर रवाना हो गया। पेड़ के नीचे बच्चे खेल रहे थे तथा कुछ लड़कियाँ, महिलायें पेड़ से झूला झूल रही थीं। मैंने पेड़ से कहा तुम सावन या बसंत हो, सड़क से हटते क्यो नहीं। तभी एक झूला मुझे से टकराते-टकराते बचा।
      पेड़ चुप था। मैंने अभियंता को अवश्यक निर्देश दिये और वापस आ गया। दूसरे दिन साइट पर सुबह-सुबह ही पहुँच गया। देखा, सड़क बन रही है। पेड़ सड़क से थोड़ा हट कर पड़ा था और पास के ग्रामीण उस की चीड़-फाड़ मे व्यस्त थे। नजदीक आया तो ग्रामीणों ने कहा साहब धन्यवाद! आपने हमारे साल भर का ईंधन का इंतजाम कर दिया। परसों 5 तारीख को हमारा उत्सव है। भोजन इसी लकड़ी से पकेगा, आप आना। मैंने पेड़ की तरफ देखा तो वो मुस्काने लगा। 
      मैं कार्यालय वापस आ गया। शाम के करीब 6 बज रहे थे, सभी कर्मचारी जा चुके थे, सिर्फ़ ऑफिस बाय ही रुका था। अचानक मेरे कमरे मंे चारों दिशाओं से आवाजें आने लगी- ‘‘भूलना मत। 5 तारीख को मेरा मृत्यु भोज है।’’
      मैंने पहली बार उस पेड़ की आवाज सुनी। इसके बाद मेरा ट्रान्सफर हो गया, लेकिन पता चला अब उस कमरे में कोई अभियंता नहीं बैठता, क्योंकि वहाँ हमेशा आवाज आती है- ‘‘भूलना मत, 5 तारीख को मेरा मृत्यु भोज है।’’
  • बी-501,कल्पवृक्ष सीएचएस, खण्ड कॉलौनी, सेक्टर 9, कॉर्पोरेद्वान बैंक के पीछे, प्लाट नं. 4, न्यू पानवेल (पश्चिम)-410206, नवी मुंबई (महाराष्ट्र)