आपका परिचय

शुक्रवार, 6 दिसंबर 2013

ब्लॉग का मुखप्रष्ठ

अविराम  (ब्लॉग संकलन) :  वर्ष  : 3,   अंक  : 01-02,  सितम्बर-अक्टूबर 2013

प्रधान संपादिका : मध्यमा गुप्ता
संपादक :  डॉ. उमेश महादोषी (मोबाइल : 09458929004)
संपादन परामर्श :  डॉ. सुरेश सपन  
ई मेल :  aviramsahityaki@gmail.com 

शुल्क, प्रकाशन आदि संबंधी जानकारी इसी ब्लॉग के 'अविराम का प्रकाशन' लेवल/खंड में दी गयी है।



छाया चित्र : डॉ बलराम अग्रवाल 



।।सामग्री।।

कृपया सम्बंधित सामग्री के पृष्ठ पर जाने के लिए स्तम्भ के साथ कोष्ठक में दिए लिंक पर क्लिक करें। 

सम्पादकीय पृष्ठ { सम्पादकीय पृष्ठ } :   नई पोस्ट नहीं

अविराम विस्तारित : 

काव्य रचनाएँ {कविता अनवरत} : इस अंक में डॉ. योगेन्द्र नाथ शर्मा 'अरुण', अखिलेश अंजुम, डॉ. दिनेश त्रिपाठी 'शम्श', देवी नागरानी, राजेंद्र बहादुर सिंह 'राजन', निर्मला अनिल सिंह, ओइम शरण पाण्डेय 'चंचल' की काव्य रचनाएँ।

लघुकथाएँ {कथा प्रवाह} : इस अंक में श्री पारस दासोत, श्री श्याम सुन्दर अग्रवाल, डॉ. शैलेश गुप्त 'वीर', डॉ. करुणा पण्डे , श्री राधेश्याम भारतीय की लघुकथाएँ।

कहानी {कथा कहानी} : नई पोस्ट नहीं।

क्षणिकाएँ {क्षणिकाएँ} : श्री महेश पुनेठा एवं श्री कैलाश शर्मा की क्षणिकाएं।

हाइकु व सम्बंधित विधाएँ {हाइकु व सम्बन्धित विधाएँ} : डॉ. उर्मिला अग्रवाल के सेदोका।

जनक व अन्य सम्बंधित छंद {जनक व अन्य सम्बन्धित छन्द} : श्री मुखराम माकड़ ' माहिर' के जनक छंद।

बाल अविराम {बाल अविराम} : नई पोस्ट नहीं।

हमारे सरोकार (सरोकार) : नई पोस्ट नहीं।

व्यंग्य रचनाएँ {व्यंग्य वाण} : नई पोस्ट नहीं ।

संभावना {सम्भावना} : नई पोस्ट नहीं।

स्मरण-संस्मरण {स्मरण-संस्मरण} : नई पोस्ट नहीं।

अविराम विमर्श {अविराम विमर्श} : डॉ. सतीश दुबे जी के साथ श्री राधेश्याम शर्मा की विशेष बातचीत।

किताबें {किताबें} : नई पोस्ट नहीं।

लघु पत्रिकाएँ {लघु पत्रिकाएँ} : नई पोस्ट नहीं।

हमारे युवा {हमारे युवा} : नई पोस्ट नहीं।

गतिविधियाँ {गतिविधियाँ} : पिछले दिनों प्राप्त साहित्यिक गतिविधियों की सूचनाएं/समाचार।

अविराम की समीक्षा (अविराम की समीक्षा) : नई पोस्ट नहीं।

अविराम के अंक {अविराम के अंक} : जुलाई-सितम्बर 2013 अंक में प्रकाशित सामग्री की सूची।

अविराम साहित्यिकी के मुद्रित संस्करण के पाठक सदस्य (हमारे आजीवन पाठक सदस्य) : अविराम साहित्यिकी के मुद्रित संस्करण के 30 नवम्बर 2013 तक अद्यतन आजीवन एवं वार्षिक पाठक सदस्यों की सूची।

अविराम के रचनाकार {अविराम के रचनाकार} : नई पोस्ट नहीं।

अविराम विस्तारित

अविराम का ब्लॉग : वर्ष : 3, अंक : 01-02, सितम्बर-अक्टूबर 2013


।।कविता अनवरत।।

सामग्री :  इस अंक में डॉ. योगेन्द्र नाथ शर्मा ‘अरुण’, अखिलेश अंजुम, डॉ. दिनेश त्रिपाठी ‘शम्श’, देवी नागरानी, राजेन्द्र बहादुर सिंह ‘राजन’, निर्मला अनिल सिंह, ओइम् शरण पाण्डेय ‘चंचल’ की काव्य रचनाएं।


डॉ. योगेन्द्र नाथ शर्मा ‘अरुण’




मधु गान हो तुम ही हमारे

मन-प्राण में तुम बस गए हो,
अब प्राण हो तुम ही हमारे!!
        हर सुमन की गंध हो तुम,
        क्षितिज में फैले तुम्ही हो!
        हर दिशा में हो ध्वनित तुम,
        विस्तार इस नभ का तुम्हीं हो!!
हर साँस में तुम रम गए हो,
सम्मान हो तुम ही हमारे!!
           तुम बने हारिल की लकड़ी,
           कैसे तुम्हें हम छोड़ दें प्रिय!
रेखांकन : बी मोहन नेगी
           जन्म का नाता है तुम से,
           कैसे भला हम तोड़ दें प्रिय!!
हर रोम में तुम रह रहे हो,
भगवान हो तुम ही हमारे!!
              तुमने दिया है प्रिय हमें,
              अमृत  अनूठा  प्रीत  का !
              मिल गया सचमुच हमें तो,
              उपहार मधुमय गीत का!!
दिल में बसे संगीत बन तुम,
मधु गान हो तुम ही हमारे!!

  • 74/3, न्यू नेहरु नगर, रूड़की-247667, हरिद्वार, उ.खंड 


अखिलेश अंजुम

(कवि अखिलेश अंजुम जी की ग़ज़लों एवं गीतों का एक लघु संग्रह ‘खिड़कियां बंद हैं, खोलिए’ वर्ष 2006, दूसरा संस्करण अक्टूबर 2010 में प्रकाशित हुआ था। उनके इस संग्रह से प्रस्तुत हैं दो ग़ज़लें एवं एक गीत रचना।)


दो ग़ज़लें 

01. 
आदमी रद्दी हुआ अख़बार हो जैसे।
रेखा चित्र : के रविन्द्र 
ज़िन्दगी टूटी हुई तलवार हो जैसे।

हाथ बाँधे, सिर झुकाये भीड़ चारों ओर
हर तरफ़ कोई लगा दरबार हो जैसे।

हर नया अनुभव हमें यूँ तोड़ जाता है
काटती तट को नदी की धार हो जैसे।

दर्द के एकान्त-क्षण हमने जिये कुछ यूँ
एक उत्सव हो कि इक त्यौहार हो जैसे।

आपसे कब तक निकटता यूँ रही अपनी
बीच में इक काँच की दीवार हो जैसे।

02. 
फ़ुर्कत का अलम दिल को गवारा तो नहीं है।
लेकिन कोई इसके सिवा चारा तो नहीं है।

बाशौक़ करें जुल्म मगर इतना तो सोचें
दिल आपकी शै है ये हमारा तो नहीं है।

इठला के बड़े नाज़ से चलती है सबा आज
इसने तेरी जुल्फों को संवारा तो नहीं है।

पहलू में रह-रह के घड़कता है मेरा दिल
क्या आपने फिर मुझको पुकारा तो नहीं है।

कतरा जो चमकता है पलक पर मेरी ‘अंजुम’
वो सुब्हे-तमन्ना का सितारा तो नहीं है।

गीत

हर घर में झरवेरी

रड़के पनचक्की आंतों में
मुंह मिट्टी से भर जाये
भय्या पाहुन!
क्यों ऐसे दिन

तुम मेरे घर आये!


बंटे न हाथों चना-चबैना
बिछती आँख न देहरी।
घर-घर मिट्टी के चूल्हे हैं

रेखा चित्र : राजेन्द्र परदेसी 
हर घर में झरबेरी।
टूटा तवा, कठौती फूटी
पीतल चमक दिखाये।

तन है एक गाँठ हल्दी की
पैरों फटी बिवाई।
जगहँसाई के डर से, उघड़ी
छुपी-फिरे भौजाई।
इससे आगे भाग न अपना
हमसे बाँचा जाये।

भय्या पाहुन!
क्यों ऐसे दिन
तुम मेरे घर आये!

  • 2-झ-4, दादाबाड़ी, छोटा चौराहा, शिवालिक स्कूल के पास, कोटा-324009, राजस्थान



डॉ. दिनेश त्रिपाठी ‘शम्श’


ग़ज़ल
दिल वहीं छोड़कर चले आये।
रूठकर हाँ मगर चले आये।

हमको बाज़ार मुँह चिढ़ाता था,
जेब खाली थी, घर चले आये।

लोग झण्डों के साथ आये हैं,
और हम ले के सर चले आये।

ख़्वाब आँखों में आये मुट्ठी भर,
छाया चित्र :  बलराम अग्रवाल 

साथ में कितने डर चले आये।

अपनी मंज़िल तो ये नहीं लगती,
हम ये आखिर किधर चले आये।

हम बुलाते रहे उन्हें लेकिन,
कुछ अगर कुछ मगर चले आये।

ज़िन्दगी की कठिन परीक्षा में,
शम्श पा के सिफ़र चले आये।

  • जवाहर नवोदय विद्यालय, ग्राम घुघुलपुर, पो. देवरिया, जिला: बलरामपुर-271201(उ.प्र.)



देवी नागरानी



ग़ज़ल

परदेसी है वो कोई भटकता है शहर में
गांवों को याद करके सिसकता है शहर में

मिलना-बिछड़ना यह तो मुकद्दर की बात है
किससे गिला करे वो झिझकता है शहर में

ज़ालिम चुरा के लाया है गुलशन की आबरू
वह गुल-फरोश सबको खटकता है शहर में

दीवारो-दर को कैसे बनाऊँ मैं राजदां
ये प्यार मुश्क है जो महकता है शहर में
छाया चित्र : रामेश्वर कम्बोज हिमांशु 


ख्वाबों से घर सजाते हैं पलकों पे लोग क्यों
दिल जिनको याद करके ठुमकता है शहर में

जिसको समय की आंधी उड़ा ले गई कभी
मेरा हसीन ख़्वाब चमकता है शहर में

‘देवी’ कुछ ऐसे रंग में करती है शाइरी
हर ‘शेर’ बनके फूल महकता है शहर में


  • 9-डी कार्नर, व्यू सोसायटी, 15/33 रोड बान्द्रा, मुम्बई-400050



राजेन्द्र बहादुर सिंह ‘राजन’





(कवि राजेन्द्र बहादुर सिंह ‘राजन’ का गीत संग्रह ‘गीत हमारे सहचर’ इसी वर्ष प्रकाशित हुआ है। उनके इस संग्रह से प्रस्तुत हैं दो गीत।)

दो गीत 

01. नदी है रोको न इसको

नदी है रोको न इसको
इसे बहने दो।

अनवरत बहती है
बहने दो इसे,
कथा कहती अमर
छाया चित्र : उमेश महादोषी    

कहने दो इसे।
इसे इसकी वृत्ति के
अनुरूप रहने दो।

अग्रसर है सतत्
बढ़ने दो इसे, 
शिखर पर दिन रात
चढ़ने दो इसे।
इसे तप, आराधना की
आँच सहने दो।

कला की नवमूर्ति
गढ़ने दो इसे,
धरा का भूगोल
पढ़ने दो इसे।
इसे अपने हृदय की
बात कहने दो।

02. जागो रे उपवन के पंक्षी

जागो रे 
उपवन के पंक्षी 
जागो।

सटोरिये 
हो गये आज
उपवन के माली।
उनके हृदय-महल
सद्भावों
से हैं खाली।
हो सचेत
तन्द्रिल प्रमाद को
त्यागो।

सींचे तुच्छ
स्वार्थ सरिता जल
से उपवन को,
बाँट रहे 
रेखा चित्र : सिद्धेश्वर 
आरक्षण की
टॉफी जन-जन को।
बहेलियों से 
दूर-दूर अब
भागो।

बैठे हुए उलूक
यहाँ की 
हर शाखा पर,
उपवन का अस्तित्व टिका
झूठी आशा पर।
क्रान्ति करो
संयम से
मन को साधो।

  • ग्राम-फत्तेपुर, पोस्ट-बेनीकामा, जिला-रायबरेली-229402 (उ.प्र.)



निर्मला अनिल सिंह




आज
आज युवा भटक गया है,
पथभ्रष्ट हो गया है।
उसके विचारों की डोर
गर्त में गिरती जा रही है।
आज युवा के मखमली ख़्याल, 
सतरंगी सपने,
संवेदनहीनता से भर गए हैं।
लालच के तांडव ने
उसके अरमानों को,
खामोशी के धरातल पर
पटक दिया है।
रेखा चित्र : डॉ सुरेन्द्र वर्मा 
जो युवा जीवन को पंख देकर
आकाश की उड़ानों को भरना चाहता था
आज वह नफरत की लाठी लेकर
बारूद के ढेर पर बैठा है।
उसके विश्वास का पुल,
इन्साफ की चौखट,
घृणा की खाई में डूब गया है।
मज़हबी उन्मादी लोगों ने
युवा को इन्सानियत की जगह
उससे पलायन सिखा दिया है,
आज युवा पथभ्रष्ट हो गया है,
हृदय का प्रेम
शुष्क हो प्रस्तर बन गया है।

  • रीना एकेडमी जूनियर हाईस्कूल, हाइडिल कॉलोनी के निकट, रानीखेत-263648, जिला अल्मोड़ा (उ.खंड) 




ओइम् शरण पाण्डेय ‘चंचल’




पाँच दोहे

1.
उग आये जब से यहाँ, जन-मन कलुषित भाव।
चौपालें सूनी हुईं, अन्दर जले अलाव।।
2.
 छाया चित्र : ज्योत्स्ना शर्मा 
पीड़ाओं को देखकर, होना नहीं अधीर।
साथ सदा रहती नहीं, कभी किसी की पीर।।
3.
कल बोलीं यों चुप्पियाँ, थोड़ा सा मुँह खोल।
दम्भ न देता बोलने, मीठे-मीठे बोल।।
4.
मिलते हैं जो जन यहाँ, धोकर मन का मैल।
‘चंचल’ प्रेम-प्रसून की, जाती खुश्बू फैल।।
5.
नूतन पीढ़ी को लगा, यह किसका अभिशाप।
धन-दौलत के साथ सुत, बाँट रहे माँ-बाप।। 
  • हिन्दी विभाग, राजकीय इण्टर कॉलेज, भौनखाल, अल्मोड़ा-263646 (उत्तराखण्ड)

अविराम विस्तारित

अविराम का ब्लॉग : वर्ष  :  3,  अंक  : 01-02,  सितम्बर-अक्टूबर 2013


।।कथा प्रवाह।।
सामग्री :  इस अंक में श्री पारस दासोत, श्री श्याम सुन्दर अग्रवाल, डॉ. शैलेश गुप्त ‘वीर’, डॉ. करुणा पान्डे, श्री राधेश्याम भारतीय की लघुकथाएँ।



पारस दासोत


{वरिष्ठ लघुकथाकार पारस दासोत जी की किन्नरों की समस्याओं एवं उनके अनेक जीवन पहलुओं को रेखांकित करती लघुकथाओं का संग्रह ‘‘मेरी किन्नर केन्दित लघुकथाएँ’’ हाल ही में प्रकाशित हुआ है, जिसमें उनकी विषयसंगत 87 लघुकथाएँ शामिल हैं। यह संग्रह अपनी तरह का अनूठा प्रयास है, जिसके माध्यम से दासोत जी ने किन्नरों के जीवन में गहरे तक झांकने की कोशिश की है। पाठकों के लिए प्रस्तुत हैं इसी संग्रह से उनकी पाँच लघुकथाएँ।}

आँचल की भूख
    किन्नर, चूल्हे के पास इस तरह बैठा था,...
    मानो, वह बच्चे को अपने आँचल में छुपाकर स्तनपान करा रहा है।
    यह दृश्य देखकर,
    एक साथी चिल्लाया- ‘‘हरामजादी! हमें मरवायेगी क्या! ये, ये बच्चा, कहाँ से उठा लायी तू ऽऽ! जा! इसको वहीं वापस छोड़ आ! सुना नहीं तूने! ऐ राँड की जायी! सुना नहीं तूने! ला मुझको दे, मैं छोड़ आऊँगी!’’
    साथी किन्नर ने, इन्हीं शब्दों के साथ, अपने साथी किन्नर से बच्चा........
    ‘‘तकिया ऽऽ! तू तकिया को गोद में लिए...थी!’’ -साथी किन्नर, किन्नर को तकिया वापिस सौंपते हुए बोला- ‘‘ले! पिला! पिला, अपने बच्चे को दूध पिला!’’
0
सभी किन्नरों की आँखों से आँसू छलक रहे थे।

कोख का स्पर्श
    मृत्युशय्या पर पड़ा हुआ,...
    बूढ़ा किन्नर, अपने एक साथी किन्नर से प्रार्थना भरे स्वर में बोला-
    ‘‘मे....मेरा...पेट....बहुत दुख रहा है री ऽऽ!’’
    ‘‘डाक्टर साब को और लेकर आऊँ?’’
    ‘‘अ...अरे...अब...न...नहीं री! मैं....तेरे हाथ जोड़ूँ, एक औरत को ले आ! मेरा पेट मसल देगी री, जा!’’
    ‘‘मैं मसल दूँ, पेट?’’
    ‘‘न नहीं री! तेरे हाथ तो....तालियाँ पीट-पीट कर कठोर हो...., जा न री!’’
    ........
    साथी किन्नर किसको लाता! वह बेचारा एक वैश्या को ले आया। जब वैश्या, बूढ़े किन्नर का पेट मसल रही थी, वृद्ध किन्नर, उसका आँचल थामकर, प्रार्थना भरे स्वर में बोला- ‘‘माँ, माँ ऽऽ... ए माँ, मुझको अपनी गोदी में एक बार सुलाले माँ!’’
    अब....
     वैश्या ने, जैसे ही उसके सिर को अपनी गोद में रखकर अपने हाथ का स्पर्श दिया, बूढ़े किन्नर ने, अपना शरीर त्याग दिया।
    0
    वैश्या, किन्नर के शव को पागलों की तरह चूम रही थी।

यूँ ही
    ‘‘किन्नरों के मोहल्ले में आग लग गई!’’
    ‘‘कहाँ? ये मोहल्ला कहाँ है, किन्नरों का?’’
छाया चित्र : डॉ बलराम अग्रवाल 
    ‘‘मालूम नहीं मुझको।’’
    ‘‘क्यों तुमको किसने कहा?’’
    ‘‘बाजार में एक किन्नर, अपने दूसरे साथी को बोल रहा था।’’
    ‘‘भाई साहब! आपको मालूम है, ये किन्नरों का मोहल्ला कहाँ है?’’
    ‘‘नहीं।’’
    ‘‘दादा, आपको मालूम है, ये किन्नरों का मोहल्ला....?’’
    ‘‘नहीं बेटे, मुझको मालूम नहीं।’’
    ‘‘अंकल! आपको तो मालूम होगा, ये किन्नरों का मोहल्ला?’’
    ‘‘मेरे को जानकारी नहीं है। क्यों, क्या जाना है, तुझे वहाँ?’’
    ‘‘नहीं,....कुछ नहीं, यूँ ही!’’

भाल पर उभरे आँसू
    बीच सड़क पर डले किन्नर को देखकर....
    एक राहगीर, उसके साथी किन्नर से बोला-
    ‘‘यह तो मर गया।’’
    ‘‘क्या ऽऽ! ये मर गयी!’’
    साथी किन्नर नाच रहा था।
    ...........
    ‘‘कमाल है! तुम्हारा साथी मर गया और तुम हो कि नाच रहे हो!’’
    ‘‘क्या, क्या कहा आपने, ‘‘मैं, मैं नाच रही हूँ’’ किन्नर, राहगीर से नाचते-नाचते बोला- ‘‘मैं नाच नहीं रही, मैं तो रो रही हूँ! फूट-फूटकर रो रही हूँ! देखो, ये, ये रहे मेरे आँसू!‘‘
0
साथी किन्नर, अपने भाल पर उभरे पसीने को जमीन पर टपका रहा था।

चाहत
रेखाचित्र : पारस दासोत 
    किन्नर, अपने लिए डबलबेड खरीदकर ले आया।
    डबलबेड देखकर,
    वृद्ध किन्नर, किन्नर को गालियाँ बकते हुए चिल्लाया-
    ‘‘जा, ये डबलबेड दुकानदार को वापिस करके आ! उसको बोल देना- ‘‘हम किन्नर हैं, हम इसका क्या करेंगे! हमको तो कोई सिंगलबेड दे दो!’’
    ‘‘दीदी! मैं दुकानदार से बोली थी। यही कहा था, लेकिन दीदी, वो दुकानदार मुझसे बोला, ‘‘तुम डबलबेड ही ले जाओ! तुम्हारे लिये ये जरूरी है, तुम डबलबेड पर ही सोओ!‘‘ दीदी, फिर भी मैंने उसको मना किया था, पर दुकानदार माना ही नहीं, बोला- ‘‘जो बिटिया, अपनी शादी के लिये तैयार न हो रही हो, उसको डबलबेड पर अकेली सुलाओ। देखो कुछ ही दिनों में उसका शरीर, साथी की माँग करने लगेगा। वो अपनी शादी के लिए जल्द तैयार हो जाएगी।’’ दीदी, दुकानदार बोला- ‘‘तुम्हारे शरीर की चाहत, इस जन्म में न पूरी हुई सही, पर अगले जन्म में अवश्य पूरी होगी। ले जाओ ये पलंग!’’
0
   वृद्ध किन्नर, डबलबेड अपने कमरे में लगवा रहा था। 

  • प्लाट नं.129, गली नं.9 (बी), मोती नगर, क्वींस रोड, वैशाली, जयपुर-21



श्याम सुन्दर अग्रवाल




तीस वर्ष बाद           
      ‘‘आज फिर सुखविंदर की माँ का फोन आया था।’’
      पत्नी ने बताया तो नरेश व्याकुल हो उठा, ‘‘तीसरे दिन ही फोन आ जाता है किसी न किसी का। दिमाग खराब कर रखा है।’’
सुखविंदर इंजनियरिंग कालेज में उनकी बेटी बबली का सहपाठी रहा था। दोनों एक-दूसरे को चाहते थे। न लड़का कहीं और शादी करने को तैयार था, न लड़की। लड़का ठीक था, बहुत पढ़ा-लिखा और सुंदर भी। परंतु था जात-बिरादरी से बाहर का। इसलिए समाज में होने वाली बदनामी से नरेश बहुत डर रहा था। उसका विचार था कि थक-हार कर जब लड़का कहीं और शादी कर लेगा तो बबली स्वयं उनकी बात मान लेगी।
      थोड़ा सहज हुआ तो उसने पूछा, ‘‘क्या कहती थी वह?’’
     ‘‘कुछ नहीं, बधाई दे रही थी। सुखविंदर की सरकारी नौकरी लग गई। वह एक बार आपसे मिलना चाहती है।’’
     ‘‘ना हमें किस बात की बधाई? क्या लगता है वह हमारा? लगता है आज उसकी मिलने की इच्छा पूरी करनी ही पड़ेगी। आज देकर आता हूँ उसे अच्छी तरह बधाई।’’ नरेश क्रोध में उबल रहा था।
      तीस किलोमीटर के लगभग का फासला था। एक घंटे पश्चात नरेश सुखविंदर की कोठी पर था। ड्राइंगरूम की शीतलता ने उसके क्रोध की ज्वाला को थोड़ा शांत किया। एक लड़की ठंडे पानी का गिलास रख गई। थोड़ी देर बाद ही लगभग पचास वर्ष की एक औरत ने आकर हाथ जोड़ ‘नमस्कार’ कहा और वह उसके सामने बैठ गई।
     वह सोच ही रहा था कि बात कहाँ से शुरु करे, तभी सुखविंदर की माँ की शहद-सी मीठी आवाज उसके कानों में पड़ी, ‘‘बहुत गुस्से में लगते हो, नरेश जी।’’ 
      आवाज उसे जानी-पहचानी सी लगी। उसके बोलने से पहले ही वह फिर बोल पड़ी,   ‘‘एक बात पूछ सकती हूँ?’’
      नरेश जैसे वशीभूत हो गया, ‘‘ज़रूर पूछिए।’’
      ‘‘आपको सुखविंदर में कोई कमी दिखाई देती है?’’
      ‘‘कमी...कमी तो कोई नहीं, मगर जब जात-बिरादरी ही एक नहीं...’’
      ‘‘बस....केवल जात-बिरादरी....?’’
      ‘‘आपको यह मामूली बात लगती है?’’
      वह कुछ देर उसे देखती रही और फिर बोली, ‘‘मुझे पहचाना?’’
      नरेश ने याददाश्त के घोड़े बहुत दौड़ाए, लेकिन असफल रहा। सुखविंदर की माँ को जैसे सदमा पहुँचा, ‘‘....अपनी दीपी को भी नहीं पहचाना!’’
     नरेश तो जैसे आसमान से नीचे गिर कर ज़मीन में धँस गया। उसकी कालेज की संगिनी दीपेंद्र, उसकी
छाया चित्र :  उमेश महादोषी 
ज़िंदगी का पहला और आखिरी प्यार, दीपी। वह दीपी को अवाक् देखता रह गया।

     ‘‘तीस वर्ष पहले हमारे माँ-बाप ने जात-बिरादरी के नाम पर जो फैसला किया था, क्या वह सही था?’’
      नरेश की नज़रें झुक गईं। बड़ी कठिनाई से उसके मुख से निकल पाया, ‘‘...समाज में बदनामी...’’
      ‘‘सुखविंदर और बबली तीस वर्ष पहले के नरेश और दीपी नहीं है। वे तो बंधन में बँध चुके हैं, आप उन्हें अलग नहीं कर सकते। अब तो निर्णय यह करना है कि आपने इस घर से रिश्ता जोड़ना है या नहीं।’’
      नरेश पूरी तरह खामोश था। उसे कुछ नहीं सूझ रहा था। उसकी ओर चाय का कप बढ़ाते हुए दीपेंद्र ने कहा, ‘‘आपने गुस्से में पानी नहीं पिया। गुस्सा दूर हो गया हो तो चाय की घूँट....।’’
      नरेश ने कप पकड़ते हुए कहा, ‘‘आपको बधाई देना तो भूल ही गया।’’
      ‘‘किस बात की जनाब?’’
       ‘‘बेटे सुखविंदर को सरकारी नौकरी मिलने की।’’

  • 575, गली नं.5, प्रतापनगर, पो.बा. नं. 44, कोटकपूरा-151204, पंजाब    



डॉ. शैलेश गुप्त ‘वीर’





छंगू भाई
     छंगू भाई का अपने इलाक़े में जलवा था। वे साधन-सम्पन्न तो थे ही, दल-बल से भी कमज़ोर न थे। गलियों मे घूमना और आये दिन झगड़े व मारपीट करना उनकी आदत नहीं, शौक़ थे। दूकानदारों से सामान लेकर पैसे न देना, धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के बहाने चंदा वसूली तथा संरक्षण के नाम पर हफ़्ता वसूली; यही छंगू भाई की आमदनी के ज़रिया थे। रोज शाम को अपने चेलों के साथ रिक्शे की सवारी का आनन्द लेना उनकी नियमित दिनचर्या थी। किसी रिक्शेवाले की मजाल क्या कि छंगू भाई से पैसे माँग ले। ऐसे ही एक शाम छंगू भाई ने एक रिक्शेवाले को रोका। शायद वह इलाक़े में नया था, उसने वहीं से पूछा- ‘‘हाँ बाबूजी, कहाँ चलना है?’’ 
    ‘‘अबे यहाँ आ लाटस्साब, वहीं से बकवास न कर!’’ पिस्टल बाबा, जो छंगू भाई का दाहिना हाथ था, ने आँखें तरेरकर ज़ोर की झिड़की दी। 
    ‘‘अरे बाबूजी, हम तो पूछे बस थे, बइठ जाओ जहाँ चलना हो।’’ छंगू भाई पिस्टल बाबा के साथ सवार होकर रिक्शे की सवारी का आनन्द लेने लगे। वे सारा इलाक़ा घूम-घामकर वापस अपने अड्डे पर आ गये और रिक्शे से उतरकर अन्दर जाने लगे, तभी रिक्शेवाले ने टोका- ‘‘बाबूजी पइसवा तो दे दो।’’ 
    ‘‘किस बात का पइसवा रे, हम तोर चहता हैं का?, अड्डे में बहुत देर से अकेले बैठा राजन चमचा अचानक तैश में आ गया था। 
     ‘‘भ्भाग जा स्साले, नहीं तो भून डालेंगे।’’ पिस्टल बाबा का गर्म ख़ून और गर्म हो गया था। 

छाया चित्र : उमेश महादोषी 
     ‘‘बाबूजी, अतना गरम काहे होइ रहें हैं, हम अपना महनताना ही तो माँगें हैं, हराम का थोड़े न....।’’ तभी छंगू भाई ने उस रिक्शेवाले के गाल पर एक ज़ोर का थप्पड़ रशीद कर दिया- ‘‘हरामखोर, चुप स्साले....।’’ इस थप्पड़ ने रिक्शेवाले के ख़ून में भी जी भर उबाल भर दिया.... और छंगू भाई इससे पहले कुछ समझ पाते, रिक्शेवाले ने उनके थोबड़े पर चार-पाँच तड़ातड़ जड़ दिये। छंगू भाई ने पीछे मुड़कर अपने साथियों की ओर देखा, वे दोनों नदारद थे और भीड़ खड़े तमाशा देख रही थी। मौके की नज़ाक़त समझते हुए छंगू भाई बीस की नोट उस रिक्शेवाले को थमाकर चुपचाप वहाँ से चले गये।

  • अध्यक्ष: ‘अन्वेशी’,  24/18, राधानगर, फतेहपुर (उ.प्र.)-212601




डॉ. करुणा पान्डे





स्टडी टेबल
    मेरे पति ने जिस मेज पर पढ़ाई की थी, उस स्टडी टेबिल पर मेरे बच्चों ने भी पढ़ाई की। मेज बहुत मजबूत थी, पर ऊपर का टॉप थोड़ा खराब हो गया था। मैंने उसमें नया सनमाइका लगवाकर अपने पोते के स्टडी रूम में रखवा दी।
    तभी मेरा पोता आया और बोला- ‘‘दादी, छी छी, आपने यह सड़ी सी टेबिल मेरे कमरे में क्यों रखी है! मैं तो स्टाइलिश टेबिल लूँगा।’’
    मैंने कहा- ‘‘बेटा, इस पर तेरे दादाजी और तेरे पापा ने पढ़ाई की है। अब तू और तेरे बच्चे पढ़ेंगे।’’ पोते ने टेढ़ा-सा मुँह बनाया और चला गया।
    अगले दिन एक नई स्टडी टेबिल उसके कमरे में थी और पुरानी टेबिल स्टोर रूम में आँसू बहा रही थी।

  • 128, विमको बिला, सिविल लाइन्स, बरेली, उ.प्र.


राधेश्याम भारतीय




छवि
    वह जम्मू से माता वैष्णो के दर्शन कर आज ही घर लौटा था। आते ही बच्चों ने घेर लिया और अपने लिए लाईं चीजों की मांग करने लगे। बच्चों को उनकी चीजें थमा दी गईं।
छाया चित्र : शशि भूषण बडोनी 
    पास ही माँ बैठी थी। उसने बैग से एक कश्मीरी शाल निकाल कर माँ को दी। शाल देते समय उसकी नजर माँ के चेहरे पर पड़ी। उसने देखा तो पाया कि माँ का चेहरा ऐसे नहीं खिला, जैसे खिलना चाहिए था। उसने माँ से पूछा, ‘‘माँ क्या बात है, तबीयत तो ठीक है न?’’
     ‘‘हाँ!’’ माँ ने इतना ही कहा।
    फिर उसने एक जर्सी और जैकेट निकालकर माँ को देते हुए कहा, ‘‘माँ यह रमेश के लिए और जैकेट सुरेश के लिए।’’
    इस बार भी उसने माँ का चेहरा पढ़ने की कोशिश की। पर, इस बार माँ के चेहरे पर प्रशन्नता की एक लहर दौड़ती-सी नजर आयी।
    माँ ने कहा, ‘‘बेटे! तुम्हारे भाई भले ही अलग-अलग रहने लगे हों, पर तू उनका कितना ख्याल रखता है।’’ माँ इतना कह सामान लेकर अपने कमरे में चली गई।
    अब पत्नी के व्यंग्य-वाण छूटे, ‘‘बस, भाइयों की चिंता रहती है...बच्चों को भूल जायेंगे....घरवाली को भूल जायेंगे, पर भाई....भाई न हुए मानो खुदा हो गए हों.....’’
     पत्नी बोले जा रही थी, पर वह तो दीवार पर टंगी पिताजी की तस्वीर का ओर देखे जा रहा था, जो उन्हें बचपन में ही छोड़कर चल बसे थे।

  • नसीब विहार कॉलोनी, घरोंडा, करनाल-132114, हरियाणा

अविराम विस्तारित

अविराम का ब्लॉग :  वर्ष : 3,  अंक : 01-02,  सितम्बर-अक्टूबर 2013



।।क्षणिकाएँ।।
सामग्री : श्री महेश पुनेठा व श्री कैलाश शर्मा की क्षणिकाएँ।



महेश पुनेठा




चार क्षणिकाएँ

1. दुःख की तासीर 
पिछले दो-तीन दिन से 
बेटा नहीं कर रहा सीधे मुँह बात

मुझे बहुत याद आ रहे हैं 
अपने माता-पिता 
और उनका दुःख 

देखो ना! कितने साल लग गए मुझे
उस दुःख की तासीर समझने में। 

2. आग 
आग ही है जो ताकत देती है 
प्यार में मिटने की 
और 
युद्ध में जीतने की।

छाया चित्र : डॉ सुरेन्द्र वर्मा 
3. अब-1
शहर का
बुरे सा बुरा आदमी भी
करने लगा है तारीफ तुम्हारी
अब मुझे
शक होने लगा है
तुम पर।

4. अब-2
वे कहते हैं
मैं बहुत अच्छा था पहले
पर अब
करने लगा हूँ 
बहुत प्रश्न।

  • शिव कालोनी, वार्ड पियाना, डाक डिग्री कॉलेज, पिथौरागढ़-260501(उत्तराखंड)


कैलाश शर्मा 



पाँच क्षणिकाएँ 

01.
अब मेरे अहसास
न मेरे बस में,
देख कर तुमको
न जाने क्यूँ
ढलना चाहते
शब्दों में

02.
तोड़ कर आईना
बिछा दीं किरचें
फ़र्श पर,
अब दिखाई देते
अपने चारों ओर
अनगिनत चेहरे
और नहीं होता महसूस
अकेलापन कमरे में

03.
दे दो पंख
पाने दो विस्तार
उड़ने दो मुक्त गगन में
आज सपनों को,
बहुत रखा है क़ैद
इन बंद पथरीली आँखों में

04.
जब भी होती हो सामने
न उठ पाती पलकें,
हो जाते निःशब्द बयन
धड़कनें बढ़ जातीं

तुम्हारे जाने के बाद
करता शिकायतें
तुम्हारी तस्वीर से,
नहीं समझ पाया आज तक
कैसा ये प्यार है
छाया चित्र : डॉ बलराम अग्रवाल 

05.
छुपा के रखा है
दिल के एक कोने में
तुम्हारा प्यार,
शायद ले जा पाऊँ
आखि़री सफ़र में
अपने साथ
बचाकर
सब की नज़रों से

  • एच.यू.-44, विशाखा एन्क्लेव, पीतमपुरा उत्तरी, दिल्ली-110088